जब मैंने “हमारे जीवन में हिंदी का महत्व” विषय पर गम्भीरतापूर्वक मंथन किया, तो पाया कि हमारे देश में कई क्षेत्र ऐसे हैं जिसमें सफल होने के लिए व्यक्ति का हिंदी भाषा का जानकार होना आवश्यक है। विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ आपका आम लोगों से सीधा सम्पर्क रहता है। राजनीति, मनोरंजन आदि कई क्षेत्रों में हिन्दी भाषा ही वो चाभी है जो आपकी सफलता का द्वार खोलती है। आपकी सफलता या असफलता आपके हिंदी ज्ञान पर काफी हद तक निर्भर करती है।
इसकी वजह ये है कि हमारे देश के अधिकांश भागों में हिंदी आम बोल-चाल की भाषा है। न सिर्फ हिंदी भाषी राज्यों में, वरन अधिकांश गैर हिंदी भाषी राज्यो में भी स्थानीय भाषा के बाद हिंदी ही बोल-चाल हेतु सर्वाधिक प्रयोग में लाई जाती है। अंग्रेजी भाषा के प्रयोग से आप एक वर्ग विशेष में तो अपनी पहचान बना सकते हैं, आम लोगों के बीच नहीं। इसी तरह किसी क्षेत्रीय भाषा द्वारा भी आप किसी क्षेत्र विशेष में ही लोकप्रिय हो पाएंगे, सारे देश में नहीं! जानकार भले ही इस बात से सहमत हों या न हों लेकिन यही सत्य है।
आपको यकीन न हो तो आप उदाहरण द्वारा इसे समझ सकते हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण राजनीति है। राजनीति में किसी नेता की लोकप्रियता इस बात पर निर्भर करती है कि उसको हिंदी का कितना ज्ञान है। स्वर्गीय अटल जी और स्वर्गीय सुषमा स्वराज जी का भले ही देहांत हो चुका हो, किन्तु अपने हिंदी भाषणों के जरिए आज भी वो लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। उनके हिंदी भाषणों ने आम लोगों के दिल पर अमिट छाप छोड़ी हुई है। उन्होंने न सिर्फ देश में बल्कि सयुंक्त राष्ट्र संघ जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी हिंदी में अपने प्रभावी भाषणों द्वारा देश का नाम और भी ऊँचा किया।
जबकि दूसरी ओर आडवाणी जी कठोर परिश्रम के बाद भी अपने अंग्रेजी प्रेम और हिंदी के जानकार होने पर भी हिंदी के प्रति अपनी अरुचि के कारण उस मुकाम को हासिल नहीं कर पाए, जिसके वो हकदार थे। यदि आज के माहौल में भी हम देखें तो प्रधानमंत्री मोदी जी और विपक्षी नेता सोनिया जी के बीच जो लोकप्रियता का अंतर है, वो उनके हिंदी भाषा के ज्ञान और हिंदी भाषा पर उनकी पकड़ के बीच का ही अंतर है।
हिंदी का कितना महत्व है, इसका एक और उदाहरण हिंदी मीडिया की लोकप्रियता है। न सिर्फ प्रिंट मीडिया बल्कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी हिंदी छाई हुई है। पिछले कुछ सालों में लोकप्रिय हुए सोशल मीडिया पर भी हिंदी का ही वर्चस्व है, जो हिंदी के महत्व को प्रमाणित करता है।
writer, poet and blogger
0 Followers
0 Following