बाँस हमारे बड़े काम के
पर्यावरण बचाते हैं।
फर्श-मकान-मचान बनाने
में भूमिका निभाते हैं।।
प्लाईवुड मिलता बाँसों से
मिलती हमको अगरबत्तियाँ।
खाए जाते बीज बाँस के
चारा बनती हरी पत्तियाँ।।
जो बाँसों को खाद्य बनाता
उससे दूर रहे बीमारी।
बाँसों से कागज बनता है
हम हैं बाँसों के आभारी।।
बाँसों का उपयोग रेल के
डिब्बे बनने में है होता।
बड़भागी वह व्यक्ति, बाँस को
अपने आसपास जो बोता।।
अलग-अलग कर तंतु बाँस के
वस्त्र भी लगे हैं अब बनने।
महिलाएँ बाँसों से निर्मित
वस्त्र लगी हैं खूब पहनने।।
बाँसों से बनती है पेंसिल
माचिस का भी बाँस सहारा।
बाँसों को संरक्षण देना
है पावन कर्तव्य हमारा।।
© महेश चन्द्र त्रिपाठी